दिल्ली: दुनियाभर में जारी तनाव और युद्ध की स्थितियों ने एक बार फिर सोने की चमक बढ़ा दी है। भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज यानी 1 अप्रैल 2026 को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के वायदा भाव में 0.84% का उछाल दर्ज किया गया, जिससे यह 1,231 रुपये महंगा होकर 1,48,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले सत्र में यह 1,46,919 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि, यह अपने साल के सबसे ऊंचे स्तर से अब भी काफी नीचे है।
अलग-अलग संस्थाओं के आंकड़ों के अनुसार कीमतों में कुछ अंतर देखा जा रहा है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने दिल्ली में टैक्स सहित 24 कैरेट सोने की कीमत 1,51,500 रुपये बताई है, जबकि गुडरिटर्न्स के मुताबिक यह 1,49,660 रुपये के आसपास है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के सुबह के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,46,733 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रही है।