
चंडीगढ़: मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख एक बार विवादों में घिर गए हैं। पंजाब में गन कल्चर पर सरकारी पाबंदी के बावजूद विवादित गीतों की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है। इस बार चर्चित पंजाबी गायक मनकीरत औलख अपने हालिया रिलीज गीत ‘असलहा’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। BJP पंजाब ट्रेड सेल के को-कन्वीनर अरविंद शर्मा ने इस गीत को समाज में हिंसा को बढ़ावा देने वाला बताते हुए कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इस संबंध में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को पत्र भेजकर गीत पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अरविंद शर्मा का कहना है कि गाने के बोल और दृश्य युवाओं को हथियारों की ओर आकर्षित करते हैं, जो कानून और सामाजिक शांति दोनों के लिए खतरा है। उन्होंने गीत को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब से हटाने की मांग भी उठाई हैबताया जा रहा है कि मनकीरत औलख बीते करीब 2 हफ्तों से इस गीत के प्रचार के सिलसिले में पंजाब के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे थे।