
एपीजे स्कूल, टांडा रोड में ‘दीक्षांत समारोह’ का भव्य आयोजन: नन्हे स्नातकों ने बिखेरी अपनी चमक
श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया (अध्यक्ष, एपीजे एजुकेशन एवं चांसलर, एपीजे सत्या विश्वविद्यालय) के प्रतिष्ठित संरक्षण में, एपीजे स्कूल, टांडा रोड, जालंधर में कक्षा पाँचवीं और यू.के.जी के नन्हे विद्यार्थियों के लिए ‘दीक्षांत समारोह’ का आयोजन बड़े उत्साह और गर्व के साथ किया गया।
इस समारोह का शुभारंभ नर्सरी एवं एल.के.जी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक मनमोहक ‘स्वागत नृत्य’ के साथ हुआ जिसमें बच्चों की ऊर्जा और लयबद्ध प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर को सकारात्मकता से भर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘दीक्षांत समारोह’ रहा, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार चन्देल ने नन्हे स्नातकों को ‘ग्रेजुएशन स्क्रॉल’ भेंट किए। यह क्षण इन विद्यार्थियों के लिए उनके अगले शैक्षणिक स्तर की ओर एक गौरवपूर्ण कदम का प्रतीक बना।
इस अवसर पर एक विशेष डिजिटल प्रस्तुति भी दिखाई गई, जिसमें विद्यार्थियों की साल भर की शैक्षणिक यात्रा, उनकी उपलब्धियों और स्कूल में बिताए गए यादगार पलों को संजोया गया था। इसे देखकर अभिभावक भावुक और गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। इसके उपरांत, कक्षा पाँचवीं और यू.के.जी के विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कक्षा प्रभारियों श्रीमती गगनदीप कौर और श्रीमती ज्योति शर्मा द्वारा विद्यार्थियों के लिए प्रेरक संदेश भी दिए गए जिसमें उन्होंने बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और निरंतर सीखते रहने का आशीर्वाद दिया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार चन्देल ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने छात्रों की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि, “शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का आधार है।” उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना की और बच्चों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह का समापन सुखद स्मृतियों के साथ हुआ, जिसने युवा स्नातकों को आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपने नए शैक्षणिक सफर की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।