
गुजरात: गुजरात का कच्छ जिला आज एक बार फिर भूकंप के झटकों से दहल उठा। शुक्रवार तड़के जब लोग गहरी नींद में थे तभी अचानक आए तेज झटकों ने सबको डरा दिया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह करीब 4:30 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 दर्ज की गई है भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार इस झटके का असर काफी स्पष्ट और तेज था। भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे था। सतह के करीब केंद्र होने की वजह से कंपन काफी जोरदार महसूस किया गया। कच्छ का इलाका सिस्मिक ज़ोन-5 में आता है जो भूकंप के लिहाज से भारत का सबसे खतरनाक क्षेत्र माना जाता है।तड़के जब खिड़कियां और दरवाजे तेज आवाज के साथ खड़खड़ाने लगे तो साल 2001 की तबाही याद कर लोग दहशत में आ गए। भुज, अंजार और गांधीधाम जैसे इलाकों में लोग शोर मचाते हुए अपने घरों से बाहर खुले मैदानों की ओर भागे। गनीमत यह रही कि इस भूकंप से अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या किसी इमारत के गिरने की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन फिलहाल नुकसान का जायजा ले रहा है।