दिल्ली: मिडिल ईस्ट में युद्ध का आज 15वां दिन है। हालात सामान्य होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ईरान और खाड़ी देशों में बड़ी संख्या भारतीय फंसे हैं। भारत ने उन्हें निकालने का काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी में कहा कि कतर एयरवेज द्वारा संचालित उड़ानों से लगभग 500 भारतीय नागरिक कतर से भारत के लिए रवाना हुए।शुक्रवार को एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में दूतावास ने कहा कि यात्रियों ने कतर एयरवेज की उड़ानों से कोच्चि और अन्य गंतव्यों की यात्रा की थी। एयरलाइन ने मानवीय आधार पर प्राकृतिक कारणों से मृत दो भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर और उनके साथ आए परिवार के सदस्यों को कोच्चि ले जाने की सुविधा भी प्रदान की।दूतावास ने कहा कि कतर का हवाई क्षेत्र केवल आंशिक रूप से खुला है, इसके चलते कतर एयरवेज द्वारा सीमित उड़ान संचालन हो रहा है। एडवाइजरी में मुंबई को लेकर कहा कि कतर एयरवेज द्वारा 14 मार्च को मुंबई के लिए एक उड़ान संचालित करने की योजना है। भारत से कतर की यात्रा करने के इच्छुक भारतीय नागरिक कतर एयरवेज की उन उड़ानों का उपयोग कर सकते हैं जो भारत से दोहा लौट रही हैं।