ब्रिटिश कोलंबिया: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में बुधवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है।रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के अनुसार, संदिग्ध का शव स्कूल परिसर के भीतर मिला है और शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि छह लोगों की मौत स्कूल के अंदर हुई, एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य लोगों के शव समुदाय के एक घर से बरामद किए गए।यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:20 बजे टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले में कोई दूसरा संदिग्ध शामिल था और कुल पीड़ितों की संख्या कितनी है। अधिकारियों ने टंबलर रिज कस्बे के निवासियों से घरों के अंदर रहने की अपील की है। आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल और एंबुलेंस सेवाएं मौके पर भेजी गई हैं।