
चंडीगढ़, 9 मार्च: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व हल्का इंचार्ज सौरव खुल्लर आज पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की उपस्थिति में औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इस अवसर पर अश्वनी शर्मा ने खल्लर का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से विशेष रूप से कपूरथला जिले सहित दोआबा क्षेत्र में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी।
सौरव खल्लर का छात्र और युवा राजनीति में लंबा और सक्रिय अनुभव रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2008 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई अध्यक्ष के रूप में की, जहाँ वे 2011 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2011 में उन्हें एनएसयूआई जिला अध्यक्ष, कपूरथला चुना गया और 2013 से 2015 तक वे दोबारा इसी पद पर निर्वाचित हुए।
युवा राजनीति में आगे बढ़ते हुए खुल्लर ने 2015 से 2019 तक पंजाब यूथ कांग्रेस के फगवाड़ा विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2019 में पंजाब यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, कपूरथला का चुनाव जीता , जिसमें उन्होंने दो बार के कैबिनेट मंत्री और पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह मान के पुत्र को हराया था।
वर्ष 2020 से 2022 तक उन्होंने भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के हल्का इंचार्ज के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत किया।
भाजपा में शामिल होने के बाद सौरव खुल्लर ने पार्टी के नेतृत्व और उसकी नीतियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे पंजाब में भाजपा को मजबूत करने और प्रदेश की जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं ने भी उनका स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को लाभ मिलेगा।