जालंधर, 21 फरवरी 2026

शहीद भगत सिंह वेल्फेयर सोसायटी की तरफ से एक दिवसीय एथलेटिक मीट ‘अकाल जुगत खेडां’ का आयोजन आई.टी.आई. ग्राउंड शहीद भगत सिंह नगर में 1 मार्च को किया जा रहा है। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जी की याद को समर्पित इस एथलेटिक मीट का मकसद बच्चों को नशे से बचाना और खेलों के साथ जोड़ना है। प्रसिद्ध कब्बड़ी खिलाड़ी और कोच पिंका जरग अपनी पूरी टीम के साथ भाग लेंगे।

शहीद भगत सिंह वैल्फेयर सोसायटी के कार्यकारी प्रधान देव थिंद ने बताया कि नशा पंजाब में बड़ी गंभीर समस्या बना हुआ है। हम सभी एनआरआई भाइयों का मानना है कि पंजाब से अगर नशे को खत्म करना है तो बच्चों के लिए खास तौर पर ऐसे प्रयास करने होंगे। जिससे की बच्चों का पूरा ध्यान खेलों में रहे और वह नशे के बारे में बिल्कुल भी सोच न सकें। ऐसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित होने पर ही बच्चे आगे जाकर किसी बड़े मुकाम को हासिल कर सकेंगे। जब तक पंजाब से नशा खत्म नहीं होगा, उनका यह प्रयास जारी रहेगा।
एनआरआई की तरफ से इन खिलाडियों की हर संभव सहायता की जाएगी।

उन्होंने बाकी जिलों के एनआरआई भाइयों से भी अपील की है कि वह अपने-अपने जिलों में इस तरह के स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को नशों से दूर रखा जा सके और उन्हें खेलों के प्रति उत्साहित किया जा सके।

देव थिंद ने बताया कि इस एथलेटिक मीट में 8 साल से लेकर 20 साल तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। अंडर-8 और अंडर-10 आयु वर्ग खिलाड़ियों के 60 मीटर दौड़ और अंडर- 12, 14, 16, 18 और 20 तक के खिलाड़ियों में 100 मीटर दौड़ मुकाबले कराए जाएंगे।

विभिन्न आयु वर्ग में पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 700 रुपए से लेकर 7100 रुपए तक, दूसरे स्थान पर 500 रुपए से लेकर 6100 रुपए, तीसरे स्थान पर 500 से 5100 रुपए, चौथे स्थान पर 500 से 4100 रुपए और पांचवें स्थान पर 500 से लेकर 3100 रुपए नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

इतना ही नहीं, 16, 18 और 20 वर्ष वर्ग में पहले स्थान पर विजेता रहने वाले लड़के व लड़कियों को 1.5-1.5 टन के एयरकंडीशनर्स ईमान के तौर पर दिए जाएंगे। खास बात यह है कि पहले पांच स्थान हासिल करने वाले विजेता खिलाड़ियों को एनआरआईज की तरफ से गोद लिया जाएगा। उनका खेल का सारा खर्च भी उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रजिट्रेशन उसी दिन सुबह 8.30 बजे शुरू होगी। सभी भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने असली दस्तावेज साथ लाना होंगे, अगर कोई खिलाड़ी गलत जानकारी देता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस मौके पर सोसायटी के उप प्रधान एनआरआई कुलतार सिंह पुरेवाल, कोषाध्यक्ष जसपाल बिंद्रा और सचिव हरविंदर सिंह हिंदा भी मौजूद रहे। लंगर की सेवा जसदीप सिंह जी (मंगा बाबा) झंडा जी वालों की तरफ से की जाएगी।