दिल्ली: उत्तर भारत में फरवरी में ही मौसम में बदलान देखने को मिला है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं ने प्रदूषण से तो राहत दी है, लेकिन अब सूरज के तीखे तेवर लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं। IMD के ताजा अनुमानों के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढेगा IMD के अनुसार Western Disturbance के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों पर इसका असर केवल सुबह-शाम की हल्की ठंडक तक ही सीमित रहेगा। दिन के समय धूप और बढ़ते तापमान के कारण अब ‘भीषण गर्मी’ की आहट सुनाई देने लगी है।अगले 48 घंटों में राजधानी और इसके आसपास के इलाकों (नोएडा, गुरुग्राम) में अधिकतम तापमान 32°C तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15°C से 16°C के बीच रहने की उम्मीद है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार होली पर दिल्ली में तापमान 34°C के स्तर को पार कर जाएगा और लोगों को कड़ी धूप का सामना करना पड़ सकता है।सीमावर्ती राज्य राजस्थान में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 36.3°C दर्ज किया गया, जो फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक है। वहीं, सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 9.7°C रहा। जयपुर मौसम केंद्र का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी देखी जाएगी।