चंडीगढ़, 5 फरवरी ( )

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के लिए इस्तेमाल किए गए अपशब्दों ने यह साबित कर दिया है कि गांधी परिवार और कांग्रेस की सोच आज भी 1984 वाली ही है, जो नफरत, विभाजन और पंजाब विरोधी मानसिकता से भरी हुई है। ये आरोप पंजाब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करके लगाए।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि नफरत का जो बीज कांग्रेस ने देश में बोया था, वह आज भी उसी तरह फल-फूल रहा है। राहुल गांधी द्वारा पंजाब की अगुवाई कर रहे एक सिख और केंद्रीय मंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की असली सोच को बेनकाब करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की आजादी से लेकर आज तक गांधी परिवार की राजनीति ने पंजाब को सिर्फ दर्द और जख्म ही दिए हैं। पंजाब की विभाजन, श्री अकाल तख्त साहिब पर हमला, 1984 के सिख विरोधी दंगे और अब एक पंजाबी नेता का अपमान इसके स्पष्ट उदाहरण हैं।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाबी और सिख कौम गद्दार नहीं बल्कि देशभक्त हैं और देश की आजादी से लेकर आज तक हर मोर्चे पर आगे रहकर कुर्बानियां देती आई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों की कुर्बानियों की बदौलत ही गांधी परिवार सालों तक सत्ता के सुख भोगता रहा, लेकिन इसके बावजूद आज भी पंजाब और पंजाबियों के प्रति नफरत भरी भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अश्वनी शर्मा ने राहुल गांधी से तुरंत बिना किसी शर्त के माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को जनता के सामने अपना चेहरा बचाना है तो उसे नफरत और विभाजन की राजनीति तुरंत छोड़नी होगी।