गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में आज यानी 23 मार्च को ऐप बेस्ड कैब ड्राइवरों ने हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल की वजह से शहर में यात्रा करने वाले लोगों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ड्राइवरों का कहना है कि उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं, जिन्हें अब तक ठीक से संबोधित नहीं किया गया है।कैब ड्राइवरों की मुख्य मांग है कि जैसे ड्राइवरों के लिए सख्त केवाईसी नियम लागू होते हैं, उसी तरह यात्रियों के लिए भी पहचान सत्यापन अनिवार्य किया जाए। उनका कहना है कि बिना वेरिफिकेशन वाले पैसेंजर्स के कारण उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। ड्राइवरों के मुताबिक, कई बार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां यात्रियों ने ही ड्राइवरों पर हमला किया। ऐसे मामलों में ड्राइवरों को न तो तुरंत मदद मिलती है और न ही शिकायत दर्ज कराने की स्पष्ट व्यवस्था होती है।ड्राइवरों ने एक हालिया घटना का भी जिक्र किया, जिसमें जनवरी महीने में एक 25 साल के कैब ड्राइवर की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि कुछ लोगों ने सेक्टर 37 से कैब बुक की और फिर सफर के दौरान ड्राइवर की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना ने कैब ड्राइवरों के बीच डर और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है।