दिल्ली: वैश्विक संकट के समय आमतौर पर सोने की चमक बढ़ जाती है, क्योंकि इसे सुरक्षित निवेश माना जाता है लेकिन इस बार हालात कुछ अलग नजर आ रहे हैं। ईरान में जारी संघर्ष के बावजूद सोना कमजोर प्रदर्शन कर रहा है और छह साल के सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन की ओर बढ़ रहा हैसप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने की कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं दिखा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह करीब 4,660 डॉलर प्रति औंस पर बना रहा। हालांकि पूरे हफ्ते में इसकी कीमत में करीब 7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। यह मार्च 2020 के बाद सोने का सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन है।विश्लेषकों के मुताबिक, ईरान में तनाव के कारण तेल और गैस की कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इसी वजह से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम हो गई है और निवेशक सोने से दूरी बना रहे हैं। 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बाद से हर हफ्ते सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर मजबूत हुए हैं, जिससे सोने पर दबाव बढ़ा है।ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, निवेशक सोने से पैसा निकालकर अन्य विकल्पों में निवेश कर रहे हैं। गोल्ड आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स से भी लगातार निकासी हो रही है। इस साल की शुरुआत में जो अतिरिक्त निवेश हुआ था, वह अब लगभग पूरी तरह निकल चुका है। वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने हाल ही में ब्याज दरों को स्थिर रखा है और संकेत दिया है कि महंगाई नियंत्रित होने के बाद ही दरों में कटौती पर विचार होगा।