
दिल्ली :उत्तरी भारत इन दिनों ठिठुरन की गिरफ्त में है। पारा लगातार नीचे जा रहा है और मौसम की कड़वाहट दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ की परतें मोटी होती जा रही हैं, वहीं मैदानों में ठंडी हवाएं सर्दी को और तीखा बना रही हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कई क्षेत्रों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के 10 से अधिक प्रमुख शहरों में आज से घने कोहरे का सिलसिला शुरू हो सकता है। लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।राजधानी दिल्ली में इस हफ्ते ठंड का असर और गहराएगा। बढ़ते प्रदूषण के बीच मौसम विभाग ने यहां के नागरिकों को तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। दिल्ली के आसपास के गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद जैसे क्षेत्रों में भी पारा फिसलकर नीचे आने की उम्मीद है।