
दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 3,800 रुपए बढ़कर 2.47 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोना 1.55 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। युद्धविराम को लेकर अनिश्चितता और डॉलर में कमजोर रुख के बीच सर्राफा कीमतों में तेजी देखी गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 3,800 रुपए यानी 1.6 प्रतिशत बढ़कर 2,47,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। बृहस्पतिवार को इसमें गिरावट आई थी और यह 2,43,200 रुपए प्रति किलोग्राम रही थी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 400 रुपए बढ़कर 1,55,300 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 1,54,900 रुपए प्रति 10 ग्राम रही थी। इस तेजी के साथ कीमती धातुओं के लिए यह एक मजबूत सप्ताह साबित हुआ जिसमें चांदी 10,000 रुपए यानी 4.2 प्रतिशत बढ़ी और सोना 3,800 रुपए यानी 2.51 प्रतिशत चढ़ा। ऑगमोंट में शोध प्रमुख, रेनिशा चैनानी ने कहा, ”ईरान संघर्ष पर सतर्क रूख और केन्द्रीय बैंक की लगातार खरीदारी से सर्राफा कीमतों में सुधार हुआ है।” वैश्विक स्तर पर भी सर्राफा कीमतों में तेजी रही। हाजिर सोना 11.52 डॉलर यानी 0.24 प्रतिशत बढ़कर 4,777.17 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 75.91 डॉलर प्रति औंस पर रही।