जालंधर, 13 मार्च :
डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल की हिदायतों पर जिले में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी को रोकने के लिए जिला खुराक एवं सिविल सप्लाईज विभाग की टीमों द्वारा आज विभिन्न गैस एजेंसियों की जांच की गई।

कंट्रोलर जिला खुराक एवं सिविल सप्लाई नरिंदर सिंह के नेतृत्व में विभाग द्वारा मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिले में लोगों को गैस सिलेंडर उनकी जरूरत अनुसार निर्विघ्न ढंग से उपलब्ध करवाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर गैस एजेंसियों की जांच की गई।

चेकिंग के दौरान गैस एजेंसियों के मालिकों को सूचित किया गया कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है, इसलिए नियमों के अनुसार सप्लाई सुनिश्चित बनाई जाए।

डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों के मालिकों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर सतर्कता के साथ निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह घबराकर बिना वजह खरीददारी न करें। साथ ही लोगों से यह भी अपील की कि अगर कहीं जमाखोरी का मामला सामने आए तो उसे प्रशासन के ध्यान में लाया जाए।

उन्होंने गैस एजेंसियों के मालिकों को निर्देश दिया कि लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों में गैस सिलेंडरों की कमी की झूठी अफवाह फैलाकर जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को उचित एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित बनाने के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि यह कमेटी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी/गैर-कानूनी जमाखोरी/भंडारण को रोकने के लिए अपने स्तर पर टीमों के माध्यम से जिले में समय-समय पर चेकिंग करेगी और जहां भी कोई उल्लंघन पाया जाएगा, वहां कानूनी तौर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने कहा कि यह कमेटी घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक (कमर्शियल) उद्देश्यों के लिए करने से भी रोकने के लिए विशेष चेकिंग सुनिश्चित करेगी और ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों/संस्थाओं के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।