
फगवाड़ा 29 अक्टूबर (शिव कौड़ा) फगवाड़ा नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में 5 लाख 33 हजार रुपये की लागत से 70 वाट की 100 स्ट्रीट लाइटें लगाने के कार्य का शुभारंभ आज वरिष्ठ आप नेता और पूर्व मंत्री पंजाब जोगिंदर सिंह मान ने स्थानीय पलाही रोड से रिबन काट कर किया। उनके साथ मेयर रामपाल उप्पल और एडीसी-सह-नगर निगम कमिश्नर डा. अक्षिता गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित थे। जोगिन्द्र सिंह मान ने बताया कि शहर के कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण निवासियों को रात में आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। इसके अलावा निगम के अंतर्गत आने वाले कई नए विकसित हो रहे इलाकों में स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण भी लोग परेशान थे। आम लोगों की इस समस्या को दूर करने के लिए मेयर रामपाल उप्पल की देखरेख में स्ट्रीट लाइटें लगाने का यह प्रोजैक्ट शुरु किया गया है। उन्होंने सभी शहर वासियों को विश्वास दिलाया कि निगम के माध्यम से शहर वासियों की हर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। शहर का सर्वांगीण विकास और वार्ड स्तर पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना वह अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में स्थानीय निकाय विभाग पूरी निष्ठा से फगवाड़ा समेत पंजाब के सभी शहरों का विकास करवा रहा है। मौजूदा आप सरकार ने राज्य के विकास को प्राथमिकता दी है, जबकि इससे पहले किसी भी सरकार ने विकास कार्यों के लिए दिल खोलकर धन मुहैया नहीं करवाया। इस अवसर पर पार्षद पद्मदेव सुधीर निक्का, पार्षद हरप्रीत सिंह भोगल और ब्लाक प्रधान अर्जुन सुधीर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।