
श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस की कथा का विस्तृत विवेचन करते हुए परम श्रद्धेय आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने कहा कि प्रभु श्रीकृष्ण की मथुरा लीला जीव के हृदय के अंधकार को नष्ट कर ज्ञान का विकास करती है। इसी ज्ञान के माध्यम से जीव पूर्ण ब्रह्म श्रीकृष्ण से साक्षात्कार करने योग्य बनता है।
मथुरा लीला के प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा में अज्ञान रूपी कंस का उद्धार कर संसार में ज्ञान का संवर्धन किया। यहाँ तक कि साक्षात् बृहस्पति के शिष्य उद्धव जी के ज्ञान को भी प्रभु ने गोपियों की भक्ति-गाथा के माध्यम से और परिपूर्ण किया। स्वयं श्रीकृष्ण ने भी मथुरा में गुरु सान्दीपनि के सान्निध्य में चौसठ दिनों तक रहकर शास्त्र-संपन्न ज्ञान प्राप्त किया।
आचार्य श्री ने बताया कि यदि विद्यार्थी अपने अध्ययनकाल में मथुरा लीला का श्रवण करते हैं, तो उन्हें विद्या के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त होती है। मथुरा लीला श्रद्धा, ज्ञान और भक्ति का अनुपम संगम है।
—
श्री रुक्मिणी विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन
कथा के छठे दिवस विशेष महोत्सव के रूप में श्री रुक्मिणी विवाह महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और दिव्य गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस प्रसंग पर व्याख्यान देते हुए आचार्य श्री ने कहा कि माता रुक्मिणी ने अपने जीवन में किए गए सत्कार के फलस्वरूप केवल प्रभु श्रीकृष्ण को ही वर के रूप में माँगा। उनकी इस पवित्र भावना को स्वीकार करते हुए भगवान श्रीद्वारिकाधीश स्वयं कुण्डिनपुर जाकर उन्हें अपनी प्रधान पटरानी बनाकर ले आए।
यह दिव्य प्रसंग हमें यह शिक्षा देता है कि जीवन में किए गए पुण्य और सत्कार के फलस्वरूप हमें केवल प्रभु की ही शरण और उनकी ही कृपा की आचरण करनी चाहिए—क्योंकि वही सर्वश्रेष्ठ और कल्याणकारी है।
—
फूल होली महोत्सव कल –
कल विशेष आकर्षण के रूप में फूल होली महोत्सव उल्लास, विशेष सज्जा और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। भक्तजन इसके दिव्य रंगों और आध्यात्मिक उमंग का लाभ अवश्य लें।
प्रमोद अरोड़ा, संजीव कुमार (USA), सुनील नय्यर, उमेश औहरी,संजय सहगल, संदीप मलिक, चंदन वडेरा, ब्रिज मोहन चड्ढा, हेमंत थापर, राजवंश मल्होत्रा, देवेंद्र अरोड़ा, रिंकू मल्होत्रा, अंकुश जुनेजा, सोनू चोपड़ा, सुमित गोयल, संदीप कुमार, भूपेंद्र सिंह, तरुण सरीन, जितेंद्र कुमार, राजेश बिगमल, बलविंदर शर्मा, अरुण मल्होत्रा, देविंदर वर्मा, नरेंद्र वर्मा, राहुल शर्मा