दिल्ली: अमेरिका ने मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति Donald Trump के निर्देश पर दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक विमानवाहक पोत USS Gerald R. Ford को मध्य-पूर्व की ओर रवाना किया गया है। यह युद्धपोत पहले से क्षेत्र में तैनात USS Abraham Lincoln को सपोर्ट करेगा, जिससे पर्सियन गल्फ और आसपास के इलाकों में अमेरिकी सैन्य ताकत कई गुना बढ़ जाएगी। यह तैनाती ऐसे समय हुई है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी थी कि अगर परमाणु समझौते को लेकर अमेरिका के साथ कोई डील नहीं होती, तो तेहरान के लिए हालात “बहुत दर्दनाक” साबित हो सकते हैं। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि सैन्य दबाव के जरिए ईरान को बातचीत की मेज पर गंभीरता से लाया जा सकता है। पिछले सप्ताह ओमान में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत हुई थी, लेकिन कतर और ओमान की मध्यस्थता के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया। इसके बाद ही अमेरिका ने यह बड़ा सैन्य कदम उठाया।USS Gerald R. Ford को दुनिया का सबसे शक्तिशाली विमानवाहक पोत माना जाता है। इसमें 4,500 से अधिक नौसैनिक तैनात हैं और यह अत्याधुनिक फाइटर जेट्स, गाइडेड-मिसाइल सिस्टम, सर्विलांस एयरक्राफ्ट और एडवांस रडार तकनीक से लैस है। यह पोत जून 2025 से समुद्र में तैनात है और अब सीधे मध्य-पूर्व भेजा गया है, जिससे इसके क्रू की तैनाती अवधि आठ महीनों से ज्यादा हो जाएगी। USS फोर्ड इससे पहले कैरिबियन क्षेत्र में तैनात था, जहां अमेरिका ने इसी युद्धपोत की मौजूदगी के जरिए वेनेजुएला के राष्ट्रपति Nicolás Maduro की सरकार पर कड़ा दबाव बनाया था। अब उसी रणनीति को ईरान के खिलाफ लागू किया जा रहा है।