*चंडीगढ़, 19 फरवरी*

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने ट्राइसिटी रिंग रोड परियोजना के तहत नेशनल हाईवे-205A (अंबाला-चंडीगढ़ सेक्शन से ज़ीरकपुर बाईपास) पर 6-लेन ग्रीनफील्ड स्पर के निर्माण के लिए ₹1,463.95 करोड़ की मंजूरी देने पर देश के सम्माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी का हृदय से धन्यवाद किया है।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह ऐतिहासिक परियोजना ट्राइसिटी क्षेत्र — चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला — को भारी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत प्रदान करेगी। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस 6-लेन ग्रीनफील्ड स्पर के निर्माण से हिमाचल प्रदेश (विशेषकर शिमला) तक तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। सड़क सुरक्षा में वृद्धि होगी और प्रदूषण में कमी आएगी, जिससे लोगों का जीवन और अधिक सुगम एवं सुखद बनेगा।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे की यह सौगात पंजाब की प्रगति को नई रफ्तार देगी। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी, तब विकास की यह गति कई गुना बढ़ जाएगी और हमारा पंजाब सही मायनों में एक ‘विकसित पंजाब’ बनेगा।