दिल्ली: यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी हादसे में कार में बैठे 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के मुताबिक एक निजी डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की तरफ जा रही थी तो इसी दौरान सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के निकट यमुना एक्सप्रेसवे पर बस ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए खंदौली थाना क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इको कार में सवार सभी लोग दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा जा रहे थे। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित रहा।