भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुग आज वरिष्ठ अकाली नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा के निवास पर पहुँचे और उनके बेटे श्री प्रेमेंद्र ढींडसा से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

चुग ने ढींडसा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुखदेव सिंह ढींडसा न केवल एक अनुभवी और निष्ठावान राजनेता थे, बल्कि वे पंजाब की उस विरासत के प्रतीक थे जिसने सदा हिंदू-सिख भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा, “ढींडसा जी का जीवन सेवा, सादगी और सिद्धांतों से परिपूर्ण था। उन्होंने हमेशा लोगों को जोड़ने का कार्य किया, न कि तोड़ने का। उनका शांत, विचारशील और परिपक्व नेतृत्व आज के समय में बहुत दुर्लभ है।”

चुग ने कहा कि ढींडसा जी का जाना न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे ऐसी शख्सियत थे, जिन्हें दल और विचारधारा से परे जाकर भी सभी सम्मान देते थे।

इस अवसर पर तरुण चुग ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिवार को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दें।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।