
आंध्र प्रदेश : मारकापुरम जिले में गुरुवार की सुबह किसी दुःस्वप्न जैसी रही। रायवरम इलाके के पास एक तेज रफ्तार बस और बजरी ले जा रहे टिपर ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर ने देखते ही देखते एक वीभत्स तमाशे का रूप ले लिया। टक्कर का धमाका इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों ने पलक झपकते ही आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग के विशाल गोले में तब्दील हो गई।इस हादसे ने यात्रियों को संभलने या बाहर भागने का जरा भी समय नहीं दिया। जैसे ही आग फैली, बस के भीतर धुएं का गुबार भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। पुलिस के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री आग की लपटों के बीच सबसे बुरी तरह फंस गए। इस दिल दहला देने वाली घटना में 13 लोगों की मौके पर ही झुलसकर जान चली गई। वहीं, 18 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय निवासियों और पुलिस की जांबाजी से बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।