
फगवाड़ा (शिव कौड़ा) दयावंती आयुकेयर चैरिटेबल डिस्पेंसरी, बंसी लाल मार्केट, बंगा रोड, फगवाड़ा की ओर से फाउंडेशन के चेयरमैन सतीश कुमार बत्तरा (फ्रंटियर क्लॉथ हाउस) के दिशा-निर्देशों अनुसार नि:शुल्क आयुर्वेदिक मेडिकल कैंप गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल टाउन फगवाड़ा में लगाया गया। फाउंडेशन के प्रबंधक परमजीत सिंह चग्गर और महासचिव मलकीयत सिंह रघबोतरा की देखरेख में आयोजित इस कैंप का उद्घाटन खालसा हाई स्कूल मॉडल टाउन फगवाड़ा की प्रिंसिपल सीमा शर्मा द्वारा अपने कर-कमलों से किया गया। उन्होंने फाउंडेशन के इस प्रयास की भरपूर सराहना की और कहा कि ऐसे कैंप जरूरतमंद मरीजों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होते हैं। कैंप के दौरान डॉ. रीतू ढींगरा ग्रोवर (बी.ए.एम.एस., डी फार्मेसी) और सहायक परमिंदर सिंह की टीम ने 53 जरूरतमंद मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच कर उन्हें आवश्यकता अनुसार मुफ्त दवाइयां दीं। जरूरतमंद मरीजों को एक सप्ताह की मुफ्त दवाई देने के साथ-साथ जरूरत अनुसार अतिरिक्त दवाइयां बंगा रोड स्थित डिस्पेंसरी से प्राप्त करने के लिए कहा गया। मलकीयत सिंह रघबोतरा ने उपस्थितों को बताया कि महर्षि चरक के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और मरीज की बीमारी को जड़ से खत्म करने का ज्ञान आयुर्वेद प्रणाली में मौजूद है। हजारों साल पुरानी और सुरक्षित आयुर्वेदिक प्रणाली में बीमारी को जड़ से खत्म करने की क्षमता है। यदि किसी विशेषज्ञ आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह से इन दवाइयों का सेवन किया जाए तो शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं होता। डॉ. रीतू ढींगरा ग्रोवर ने बताया कि आयुर्वेदिक दवाइयां एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा भी उपयोग की जा सकती हैं क्योंकि ये हमारी आधुनिक जीवनशैली को सही दिशा देती हैं और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक आदतों का विकास करती हैं। आयुर्वेदिक दवाइयां जड़ी-बूटियों और अन्य प्राकृतिक चीजों से तैयार की जाती हैं, जिनके उपयोग से जीवन खुशहाल, तनावमुक्त और रोगमुक्त बनता है। इस दौरान पार्षद तरनजीत सिंह बंटी वालिया ने भी विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने अपना मेडिकल चेकअप करवाया और जरूरत अनुसार दवाइयां प्राप्त कीं। अंत में फाउंडेशन के मैनेजर परमजीत सिंह ने गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सतबीर सिंह साबी और सभी सहयोगियों का हार्दिक आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सतबीर सिंह साबी, गुरुद्वारा साहिब की मैनेजर दीपिका, भाई नरेंद्र सिंह हेड ग्रंथी, जसबीर सिंह, डॉ. अंजू (डेंटिस्ट) आदि उपस्थित थे।