दिल्ली : साल 2025 की विदाई और 2026 के स्वागत से पहले दिल्ली-एनसीआर भीषण कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बुधवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में दृश्यता इतनी कम रही कि सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। मौसम के मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है।घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विजिबिलिटी कम होने के कारण उड़ानें अब ‘कैटेगरी III’ प्रोटोकॉल के तहत संचालित हो रही हैं। इसका मतलब है कि केवल विशेष तकनीक से लैस विमान और पायलट ही लैंड या टेक-ऑफ कर पा रहे हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। संभावना जताई गई है कि 1 जनवरी 2026 को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आएगी और भीषण शीतलहर का दौर शुरू होगा। फिलहाल बर्फीली हवाओं ने दिल्ली में गलन बढ़ा दी है।