
दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन थाम दिया है। बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में पारा तेजी से लुढ़क रहा है वहीं पहाड़ों पर कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में 28 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी बहुत कम रहने की संभावना है जिससे यातायात पर बड़ा असर पड़ सकता है।पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और बिहार के कई हिस्सों में पारा 5°C से 10°C के बीच बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का बाराबंकी मंगलवार को मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।