
दिल्ली; दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज सुबह की शुरुआत सुहावनी रही। धूल भरी हवाओं और हल्की बूंदों ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है।उत्तर भारत के आसमान में छाई ये हलचल महज एक शुरुआत है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो आज दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कुदरत का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। पूरे हफ्ते के लिए देश के करीब 22 राज्यों में चेतावनी जारी की गई है, जहां तेज आंधी के साथ भारी बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। अगर बीते रविवार की बात करें, तो दिल्लीवासियों ने गुलाबी ठंड जैसा अहसास किया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरकर 29.5 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। मुंगेशपुर और रिज जैसे इलाके तो और भी ठंडे रहे, जहां पारा 14.5 डिग्री तक लुढ़क गया था। हवा में नमी ने भी अच्छा-खासा असर दिखाया।आज दिन भर राजधानी के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और तूफानी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, राहत की यह सांस ज्यादा लंबी नहीं टिकने वाली। आज की भारी बारिश के बाद अगले चार दिनों में दिल्ली की गर्मी फिर से जोर पकड़ेगी और तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक का तगड़ा उछाल देखने को मिल सकता है