
दिल्ली: देश की राजधानी के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्र चांदनी चौक में उस समय हड़कंप मच गया जब कूचा महाजनी के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। संकरी गलियां और भारी भीड़ के बीच आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते किसी जानहानि की खबर नहीं है।घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। हालांकि पुरानी दिल्ली की भौगोलिक स्थिति के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आईं। चांदनी चौक की संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को आग वाली जगह तक पहुंचने में काफी समय लगा। दुकानों और गोदामों में भरे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। फिलहाल कूलिंग प्रोसेस जारी है।