दिल्ली: दिल्ली-NCR में आज सुबह लोगों ने कड़ाके की ठंड के साथ दिन की शुरुआत की। हल्के कोहरे स्मॉग और ठंडी हवाओं ने राजधानी के मौसम में बड़ा बदलाव ला दिया है। हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण में थोड़ी गिरावट ज़रूर दर्ज हुई है लेकिन वायु गुणवत्ता अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा छाया रहा। तापमान लगातार नीचे जा रहा है जिससे लोग सुबह की तेज ठंड से कांप उठे। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 23-25°C और न्यूनतम तापमान 7-9°C के बीच रह सकता है। उत्तर-पश्चिम दिशा से 5-10 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हवा के कारण मौसम और ज़्यादा ठंडा महसूस हो रहा है। दिल्ली के प्रमुख इलाकों जैसे इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और आईटीओ में सुबह घना कोहरा और स्मॉग छाया रहा जिससे विजिबिलिटी काफी कम रही और वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 5 दिनों में दिल्ली-NCR में ठंड और कोहरा दोनों बढ़ सकते हैं। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट संभव है।