दिल्ली: देशभर में इस समय ठंड का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली इस वक्त भीषण शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार की सुबह दिल्लीवासियों के लिए इस सीजन की सबसे सर्द सुबह साबित हुई। बर्फीली हवाओं और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। IMD के मुताबिक दिल्ली के पालम इलाके में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3°C तक पहुंच गया है, जो इस साल का अब तक का सबसे कम तापमान है।राजधानी के अलग-अलग केंद्रों पर दर्ज न्यूनतम और अधिकतम तापमान के आंकड़े डराने वाले हैं। सफदरजंग, जो दिल्ली के मौसम का मानक माना जाता है, वहां न्यूनतम तापमान 2.9°C दर्ज किया गया।ठंड के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा भी जानलेवा बनी हुई है। AQI लगातार ‘बेहद खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है। ग्रेटर नोएडा और नोएडा के कई हिस्सों में प्रदूषण का स्तर खतरे के निशान से ऊपर है।