जालंधर: दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक परम पूज्य गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी सज्जनानंद जी एवं स्वामी सतबीरानंद जी ने पंजाब के राज्यपाल माननीय गुलाब चंद कटारिया जी से राजभवन चंडीगढ़ में शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुई।

स्वामी जी ने राज्यपाल महोदय को दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा देश-विदेश में संचालित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि संस्थान मानव मात्र के सर्वांगीण उत्थान हेतु आध्यात्मिक जागरण, नैतिक शिक्षा, नशा मुक्ति अभियान, महिला सशक्तिकरण, युवा जागृति कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण एवं देसी गौवंश के संवर्धन व संरक्षण जैसे अनेक सेवा प्रकल्पों का संचालन कर रहा है। संस्थान का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक मूल्यों की पुनर्स्थापना कर एक जागृत, सशक्त और संस्कारित राष्ट्र का निर्माण करना है।

राज्यपाल श्री कटारिया जी ने संस्थान की सेवाभावी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सामाजिक प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संस्कारित एवं जागरूक बनाने हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

भेंट के अंत में स्वामी जी ने राज्यपाल महोदय को संस्थान के आगामी कार्यक्रमों हेतु सादर आमंत्रित किया। यह शिष्टाचार भेंट परस्पर सद्भाव, सहयोग एवं समाज कल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाली रही।