
चंडीगढ़, 6 फरवरी
पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत ही चिंताजनक हो चुकी है। न वर्दी का खौफ है और न सरकार का डर, जिसके कारण राज्य में खुलेआम गुंडा राज चल रहा है। यह कहना है पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का।
शर्मा ने पूछा कि क्या यही आपकी सरकार का “प्रहार” है? जब गुरु घर के बाहर मुख्यमंत्री के करीबी और आप के नेता लक्की ओबरॉय को सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी जाती है, तो यह पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
यदि मुख्यमंत्री के करीबी व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकी, तो आम इंसान खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा? शर्मा ने मान से यह सवाल पूछा।
शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दी गई डेडलाइन का क्या हुआ, इस बारे में लोगों को जवाब चाहिए। सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जा सके।
इस दुख की घड़ी में भाजपा पंजाब पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मांग करती है कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। भाजपा हमेशा पंजाब की शांति, कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।