
जालंधर: पीर बाबा अब्दुल्ला शाह कादरी जी,खुह वाली सरकार दरबार में 03 अप्रैल 2026 शुक्रवार को सलाना मेला सरवन सिंह (पूर्व पार्षद) का खूह, भार्गव कैंप में बड़ी श्रद्धा, आस्था और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। दरबार में पहुंचने पर आयोजकों और संगत द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया।
मंत्री भगत ने माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मेले कि बधाईयां देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी आस्था के केंद्र हैं और हमें अपने संस्कारों से जोड़ते हैं। इस प्रकार के मेले न केवल आध्यात्मिक वातावरण बनाते हैं, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।
मेले के दौरान दरबार को भव्य रूप से सजाया गया था और श्रद्धालुओं के लिए लंगर व अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से की गई थीं। कार्यक्रम में धार्मिक कीर्तन, भजन और श्रद्धालुओं की सेवा भावना देखने को मिली।
आयोजकों ने बताया कि यह सलाना मेला हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में संगत भाग लेती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनकी बदौलत यह आयोजन सफल रहा।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ मेले का आनंद लिया।