चंडीगढ़ () 18/12/2025

पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा है कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद निजी स्वार्थों के लिए बड़े घरानों और अन्य दल बदलू नेताओं की भाजपा में थोक में हुई शामिलियत को पंजाब के लोगों ने पसंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को असली भाजपा पसंद है, न कि “दल बदलू” और “चले हुए कारतूस”।

उभ्भा ने कहा कि रातों-रात भाजपा में शामिल होकर खुद को वरिष्ठ नेता बनवा लेना पंजाब के लोगों को स्वीकार नहीं है। पार्टी के पुराने, वफादार और मेहनती कार्यकर्ता ही पंजाबियों की पहली पसंद हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से भाजपा में शामिल हुए अमीर व्यवसायियों और दल बदलू नेताओं ने पार्टी की संस्कृति को प्रभावित किया है। पार्टी की नैतिकता और मूल्यों का हनन हो रहा है तथा पूरे सिस्टम को हाईजैक कर लिया गया है। सिर्फ जी-हजूरी की परंपरा के कारण पार्टी के समर्पित, मेहनती और संघर्षशील कार्यकर्ता हताश और निराश होकर पार्टी से दूर हो रहे हैं, जो भाजपा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के नतीजों ने यह साफ साबित कर दिया है कि थोक में भाजपा में शामिल हुए दल बदलू नेताओं से पार्टी को कोई राजनीतिक लाभ नहीं हुआ। अपने आप को “तोप” समझने वाले इन नेताओं को मतदाताओं ने उनकी असली औकात दिखा दी है।

उभ्भा ने भाजपा की वरिष्ठ नेतृत्व से अपील करते हुए कहा कि पार्टी के पुराने और वफादार कार्यकर्ताओं के प्रति “इनके पल्ले कुछ नहीं” जैसा नजरिया न अपनाया जाए, बल्कि उनकी कद्र की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में लाने वाले दल बदलू नहीं, बल्कि पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता ही हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनकी चंडीगढ़ में दाल नहीं गलती, वे अब पंजाब से विधायक बनने के लिए उतावले हो रहे हैं।