*जालंधर, लुधियाना, 26 मार्च 2026।* पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और जालंधर के पूर्व सांसद सुशील रिंकू की माता श्रीमती पुष्पा देवी की तबियत खराब है। उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

इस दौरान आज पंजाब सरकार में सलाहकार और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बाली अस्पताल पहुंचे और माता श्रीमती पुष्पा देवी जी का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से भी बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

दीपक बाली ने इस मौके पर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाएं सबसे महत्वपूर्ण होती हैं।

सुशील रिंकू और उनके परिवार के लिए यह समय भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण है, वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा हालचाल जानने पहुंचना एक सकारात्मक संदेश भी देता है। अस्पताल में भर्ती श्रीमती पुष्पा देवी की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। परिवार के सदस्य भी अस्पताल में मौजूद हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। उनके साथ सुरजीत सिंह सीटा, मास्टर रतन लाल, सैक्रेटरी विजय और भूपिंदर आदि भी थे।