
तेलंगाना: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में शनिवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब हैदराबाद से तिरुपति जा रही राज्य परिवहन की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।पुलिस के मुताबिक दुर्घटना मूसापेट मंडल के कोम्मिरेड्डीपल्ली क्षेत्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की बस हैदराबाद से तिरुपति की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया। बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रहे कंटेनर लॉरी से सीधी टक्कर हो गई।इस हादसे में कंटेनर लॉरी के चालक और उसके सहायक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें से 11 लोग घायल हो गए।