फगवाड़ा 14 जनवरी (शिव कौड़ा) ब्लड बैंक गुरु हरगोबिंद नगर फगवाड़ा में हर साल की तरह इस साल भी लोहड़ी के मौके पर ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रगघोत्रा की देखरेख में विशेष समागम का आयोजन किया गया। जिसमें अप्रवासी भारतीय हरबंस कौर घटौड़ा और परिवार के सहयोग से 51 जरूरतमंद महिलाओं को गर्म कंबल बांटे गए। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि समाज सेवक महिन्द्र सिंह भट्टी (ए.सी.सी. गेस्ट हाउस) शामिल हुए। उन्होंने सभी गणमान्यों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं और ब्लड बैंक के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में गरीब लोगों के लिए यह प्रोजैक्ट बहुत फायदेमंद है। समाज सेवक तारा चंद चुंबर ने कंबल बांटने में उनका साथ दिया और सभी को लोहड़ी के महत्व के बारे में भी बताया। ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रगबोत्रा ने लोहड़ी से जुड़ी दुल्ला भट्टी की कहानी सुनाई और उससे सीख लेकर समाज सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि हर साल क्रिसमस, नववर्ष, लोहड़ी और गणतंत्र दिवस पर कंबल बांटे जाते हैं। अगला कंबल वितरण समागम 26 जनवरी को होगा। उपस्थितों को मूंगफली और रेवड़ी भी बांटी गई। इस अवसर पर मोहन लाल तनेजा, सुधा बेदी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।