चंडीगढ़, 31 मार्च

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने होशियारपुर जिले में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पंजाब सरकार से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब के लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहें और आपसी भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कुछ विदेशों में बैठी ताकतें प्रदेश की अमन-शांति को भंग करने की कोशिश कर रही हैं और इन्हीं ताकतों द्वारा पुलिस थानों तक को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन अफसोस है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार कोई प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने लिखा:
“होशियारपुर जिले में बाबा साहेब अंबेडकर जी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की भारतीय जनता पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है। यह पंजाब सरकार की नाकामी है कि राज्य में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं और दूसरी ओर पुलिस थानों तक पर हमले हो रहे हैं। विदेशों में बैठे लोग पंजाब में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कुछ भी करने में असमर्थ नजर आ रही है। समाज में विभाजन पैदा करने की ये कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी, लेकिन सरकार को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। हम सभी पंजाबियों से अपील करते हैं कि वे ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहें और भाईचारा बनाए रखें।”

सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अपने दिल्ली के आकाओं को खुश करने के बजाय पंजाब की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि मुख्यमंत्री राज्य में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए प्रयास करें, न कि अपने नेतृत्व के “पायलट” बनकर दूसरे राज्यों में घूमने में समय बर्बाद करें।