दिल्ली : देशभर में मौसम फिर सक्रिय होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए चेतावनी जारी की है कि 15 से 19 मार्च के बीच कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिलेगा। अनुमान के मुताबिक कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।इस दौरान 10 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश—में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का खतरा रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि मैदानी इलाकों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण देश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू होने वाला है, जिससे तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक के ऊंचे इलाकों में कुदरत का अलग ही रूप दिखेगा। 15 से 19 मार्च के बीच पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा, जहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तो ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जो गर्मी तो कम करेंगे लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा सकते हैं।