मणिपुर: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम हमला किया, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई जबकि उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना देर रात करीब 1 बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई। घर के अंदर बम फटने के समय तीनों सो रहे थे।निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। इस बीच, भाजपा के स्थानीय विधायक ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए ‘निर्दयी हमले’ की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि ‘कुकी नार्को-आतंकवादियों’ ने इसे अंजाम दिया। उन्होंने कहा, ‘यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।’