
दिल्ली: लोग अपने कीमती गहनों और दस्तावेज़ों को सुरक्षित रखने के लिए बैंक लॉकर पर भरोसा करते हैं। लेकिन अगर वही लॉकर सवालों के घेरे में आ जाए तो भरोसे की नींव हिलना तय है। राजधानी दिल्ली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने दावा किया है कि उसके बैंक लॉकर से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण गायब हो गए।जानकारी के मुताबिक, महिला का लॉकर पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित एक बैंक शाखा में है। जब बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉकर खोला गया, तो उसमें रखे गए कीमती गहने नहीं मिले। महिला ने तुरंत बैंक प्रबंधन को इसकी सूचना दी और बाद में पुलिस से भी संपर्क किया। महिला का आरोप है कि उसके लॉकर में रखे सभी सोने के आभूषण चोरी हो चुके हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में पुलिस को लॉकर के साथ किसी प्रकार की जबरन तोड़फोड़ या छेड़छाड़ के संकेत नहीं मिले हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।घटना की खबर फैलते ही अन्य लॉकर धारक भी अपने-अपने लॉकर की जांच कराने शाखा पहुंचे, लेकिन फिलहाल किसी अन्य ग्राहक ने सामान गायब होने की शिकायत नहीं की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि संबंधित लॉकर को पहले भी एक्सेस किया गया था, जिसकी जानकारी बैंक रिकॉर्ड में दर्ज है।पुलिस के मुताबिक, लॉकर के साथ किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती या बाहरी तोड़फोड़ के संकेत नहीं मिले हैं।