
दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटा दिया। पार्टी ने उनकी जगह पंजाब के सांसद अशोक मित्तल को नियुक्त किया है। चड्ढा पंजाब से ही राज्यसभा सांसद हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चड्ढा के कथित मतभेदों को लेकर चर्चा जोरों पर थी। पार्टी नेताओं ने इस बात की पुष्टि की कि राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजा गया था, जिसमें उच्च सदन में पार्टी के उप-नेता पद से चड्ढा को हटाने का अनुरोध किया गया था। राज्यसभा में आप के सदन के नेता संजय सिंह ने कहा, राज्यसभा सचिवालय को पार्टी के इस फैसले से अवगत करा दिया गया है। हालांकि, आप नेताओं ने उन दावों को खारिज किया कि चड्ढा को पार्टी सांसदों के कोटे के तहत राज्यसभा में बोलने से रोका जा रहा था।दिल्ली की सियासत में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार मुहर लग गई। राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता पद से हटाने का फैसला लेकर पार्टी ने साफ किया कि वह चड्ढा की अलग लकीर खींचने व पार्टी से दूरी बनाकर खुद को बड़ा बनाने की कोशिशों से खुश नहीं है। चड्ढा को हटाने से पार्टी के भीतर मतभेद का भी संकेत मिला है। पिछले कुछ माह में कई संकेत मिले, जिन्होंने पार्टी व चड्ढा के बीच बढ़ती दूरी को उजागर किया