जालंधर: लंबे समय बाद नाभा जेल से बाहर आए वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। जेल से बाहर आते ही उन्होंने गुरु साहिबान का धन्यवाद किया और दिल्ली की सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि आने वाले समय में वे सरकार की “ईंट से ईंट बजा देंगे।मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को संदेश दे दिया जाए कि न तो मजीठिया रुकेगा और न ही झुकेगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें जितना दबाने की कोशिश की, वाहेगुरु ने उन्हें उतनी ही ताकत दी। उन्होंने बताया कि जेल में बिताए दिनों के दौरान साहिबजादों की शहादत के दिन भी आए, जिससे उन्हें सबसे बड़ी प्रेरणा मिली। मजीठिया ने कहा कि छोटे साहिबजादों ने मुगल शासक औरंगजेब के दबाव में झुकने से इनकार कर सच और हक की बात मजबूती से कही। उन्होंने कहा कि यह रास्ता कठिन है, सरकारें केस दर्ज करती हैं और कई तरह की परेशानियां देती हैं, लेकिन सच के रास्ते से गिरना नहीं चाहिए।