
Chandigarh ()06/02/2026
प्रदेश भाजपा सचिव मीनू सेठी ने लोकसभा में हाल ही में हुई घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्षी दलों की महिला सांसदों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चेयर के पास जाना न केवल गलत है, बल्कि यह संसद की गरिमा और संसदीय परंपराओं का खुला उल्लंघन है।
प्रदेश सचिव सेठी ने कहा कि लोकसभा में निर्धारित नियम और प्रक्रियाएं हैं, जिनका पालन करना सभी सांसदों का कर्तव्य है। वेल में आकर नारेबाजी करना, आसन के समीप जाना या दबाव बनाने की कोशिश करना पहले भी असंसदीय आचरण माना गया है। विशेष रूप से प्रधानमंत्री की चेयर के पास जाना सुरक्षा, अनुशासन और संसदीय मर्यादा—तीनों दृष्टि से गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि संसद किसी राजनीतिक ड्रामे का मंच नहीं, बल्कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जहां संवाद, बहस और नियमों के तहत अपनी बात रखी जाती है। विपक्ष यदि किसी मुद्दे पर असहमति रखता है तो उसके लिए नियमों के अंतर्गत चर्चा, प्रश्नकाल और प्रस्ताव जैसे लोकतांत्रिक रास्ते मौजूद हैं।
प्रदेश भाजपा सचिव ने यह भी कहा कि महिला सांसदों से समाज अपेक्षा करता है कि वे गरिमापूर्ण और अनुकरणीय आचरण प्रस्तुत करें। दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने संसद की मर्यादा को ताक पर रखकर देश की जनता के सामने गलत उदाहरण पेश किया।
सेठी ने मांग की कि विपक्षी दल इस व्यवहार पर आत्ममंथन करें और भविष्य में संसद की गरिमा बनाए रखने के लिए नियमों का सम्मान करें।