
जालंधर: शहर में चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला आबादपुरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां शिंगारा सिंह अस्पताल के नजदीक 2 युवतियों को दिनदहाड़े स्नेचरों ने निशाना बना लिया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवतियां थाना 6 अधीन इलाके से ड्यूटी खत्म कर एक्टिवा पर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे आबादपुरा रोड की एक गली के पास पहुंचीं, पीछे से स्कूटी पर आए 2 अज्ञात युवक अचानक उनके करीब पहुंचे और झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी तेज रफ्तार से नकोदर रोड की ओर फरार हो गए। पीड़ित युवतियों ने बताया कि छीने गए पर्स में महंगा iPhone, जरूरी दस्तावेज और नकदी मौजूद थी। घटना के बाद दोनों काफी घबराई हुई थीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए पहले थाना-5 गई, जहां से उन्हें दूसरे थाना-6 जाने को कहा गया। इसके बाद जब वह थाना 6 में पहुंची तो उन्हें अधिकारियों ने सुबह आने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। युवतियों का कहना है कि वे पहले ही स्नैचिंग की घटना से परेशान थीं, ऊपर से कार्रवाई में देरी ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। सुनवाई करने के बजाय उनके चक्कर लगवाए जा रहे हैं।