दिल्ली: केंद्रीय बजट से पहले निवेशकों की सतर्कता के चलते शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में आ गए, जिससे बाजार पूंजीकरण में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 625 अंक या 0.75% टूटकर 81,941.03 के निचले स्तर तक आ गया। वहीं, निफ्टी 50 भी 194 अंक या 0.75% गिरकर 25,224.35 पर कारोबार करता नजर आया और यह 25,300 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। इस तेज बिकवाली के चलते महज 15 मिनट के भीतर निवेशकों की करीब 4 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति साफ हो गई। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 455.73 लाख करोड़ रुपए रह गया।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं। इस बार बजट के लिए एक विशेष ट्रेडिंग सत्र भी रखा गया है। ऐसे में निवेशक बड़े दांव लगाने से बचते नजर आए। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वी. के. विजयकुमार के मुताबिक, जैसे-जैसे बजट का दिन करीब आ रहा है, बाजार के सामने अवसरों के साथ-साथ चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर के आसपास बना रहा। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में इसमें थोड़ी मजबूती दिखी और यह 7 पैसे बढ़कर 91.92 पर आ गया लेकिन पिछले सत्र में यह 91.9850 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर चुका था। रुपए की कमजोरी से पूंजी निकासी और आयातित महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ीं, जिसका सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ा।