फगवाड़ा 17 मार्च (शिव कौड़ा) शेर-ए-पंजाब स्पोट्र्स एंड कल्चरल सोसायटी द्वारा फगवाड़ा पत्रकार संगठन के सहयोग से मानवता की भलाई के लिए एक सराहनीय प्रयास करते हुए रेल ट्रैक पर होने वाले हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को ढकने के लिए 25 चादरें रेलवे पुलिस को भेंट की गईं। फगवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर स्थित जी.आर.पी. चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह को चादरें भेंट करने के दौरान रीतप्रीत पाल सिंह और डा.रमन शर्मा के अलावा रिंपल कुमार सरपंच वजीदोवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रीतप्रीत पाल सिंह की अगुवाई में किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए सरपंच रिंपल कुमार ने कहा कि ऐसे प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। हादसों के दुखद क्षणों में ये चादरें मृतकों की सम्मानपूर्वक संभाल के लिए बहुत मददगार साबित होंगी। उन्होंने कहा कि सोसायटी का यह प्रोजेक्ट सच्ची सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल है। जी.आर.पी. इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने इस नेक कार्य के लिए संगठन और सोसायटी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेक प्रयासों से समाज में संवेदनशीलता और एकजुटता का संदेश जाता है, जो आज के समय की बड़ी जरूरत है। सोसायटी के प्रधान विश्वास दिलाया कि ऐसे नेक प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने सहयोग के लिए डा. रमन शर्मा का भी आभार प्रकट किया। इस अवसर पर सलविंदर सिंह जस्सी, बलविंदर सिंह पलाही, सुखजीत सिंह साबी, नरेंद्र पाल सिंह माही आदि भी उपस्थित थे