फगवाड़ा 16 अप्रैल (शिव कौडा) सर्व नौजवान सभा (रजि) फगवाड़ा एवं नेहरू युवा केंद्र कपूरथला द्वारासंयुक्त प्रयास करते हुए सभा द्वारा स्थानीय होशियारपुर रोड स्थित स्कीम नंबर तीन में संचालित वोकेशनल सेंटर में भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की 132वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई। सभा के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रभावशाली कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट कश्मीर सिंह मल्ली अध्यक्ष नगर सुधार ट्रस्ट फगवाड़ा मुख्य अतिथि जबकि संतोष कुमार गोगी अध्यक्ष आम आदमी पार्टी एस.सी. विंग जिला कपूरथला, लैक्चरार हरजिंद्र गोगना तथा प्रसिद्ध कवि बलदेव राज कोमल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। गणमान्यों ने डा. अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण के पश्चात डा.अम्बेडकर के जीवन सफर, उनके संघर्षों, धार्मिक आधार पर देश के विभाजन को लेकर उनके दूरदर्शी विचारों तथा भारत के संविधान की रचना में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। एडवोकेट कश्मीर सिंह मल्ली ने कहा कि डा. अम्बेडकर को अपने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान संतोष कुमार गोगी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं के अथक परिश्रम से भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बना और विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डा. अंबेडकर देश की जनता के लिए हमेशा मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। ईशान गोगना और नरेश कोहली ने भी डा. अंबेडकर के जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान कवि दरबार का भी आयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध कवि मनोज फगवाड़वी, हरचरण भारती, रविंद्र सिंह राय और सुखदेव गंडवां ने अपनी गजलों और गीतों के माध्यम से डॉ अम्बेडकर को याद किया। बलदेव राज कोमल की कविता मेरा तां रब बन विखाया भीम ने  को दर्शकों की खूब वाहवाही मिली। सभा की ओर से प्रमुख शख्सीयतों को सम्मानित भी किया गया।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।