
जालंधर: सुरों की साधना: सूरानुस्सी में शास्त्रीय संगीत कार्यशाला
सूरानुस्सी, 10 अप्रैल 2026। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सूरानुस्सी में विद्यार्थियों को भारतीय कला एवं संस्कृति की गहनता से जोड़ने हेतु हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन प्रतिष्ठित संस्था ‘रूट्स 2 रूट्स’ द्वारा किया गया।
प्रसिद्ध कलाकार गुरु हार्दिक रावत ने विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत की मूलभूत अवधारणाओं, सुर-ताल की महत्ता तथा गायन की तकनीकों से परिचित कराया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न रागों और विधाओं का अभ्यास किया। ‘रूट्स 2 रूट्स’ संस्था वर्ष 2004 से सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से विश्वभर में शांति और सामंजस्य को बढ़ावा दे रही है। यह संस्था 100 से अधिक देशों में संगीत, नृत्य और कला के जरिए लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पालीशाह ने कलाकार एवं संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा— “इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती हैं।” यह आयोजन विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रशासन के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।