दिल्ली; सोना और चांदी की कीमतों में इस साल लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 29 जनवरी को रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद दोनों कीमती धातुओं में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। हालांकि अब एक बार फिर बाजार में तेजी लौटी है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना और चांदी के वायदा भाव में जोरदार उछाल देखने को मिला।सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन एमसीएक्स पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी ने खुलते ही तेज रफ्तार पकड़ी। पिछला बंद भाव 2,52,548 रुपये प्रति किलोग्राम था, जबकि ओपनिंग के साथ ही इसकी कीमत बढ़कर 2,60,838 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। यानी एक ही झटके में चांदी करीब 8,290 रुपये महंगी हो गई। इस तेजी ने निवेशकों का ध्यान एक बार फिर इस धातु की ओर खींचा है।हालांकि ताजा उछाल के बावजूद चांदी अभी भी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से काफी नीचे है। 29 जनवरी को चांदी पहली बार 4 लाख रुपये का स्तर पार कर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में लगातार गिरावट आई। मौजूदा भाव की तुलना उस उच्च स्तर से करें तो चांदी अब भी लगभग 1,59,000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती बनी हुई है।