दिल्ली; सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर फैल रहे अश्लील, आपत्तिजनक और गैरकानूनी कंटेंट को लेकर केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया कंपनियों और ऑनलाइन इंटरमीडियरीज को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे ऐसे कंटेंट के खिलाफ तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करें। सरकार ने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने पर कानूनी कार्रवाई और मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है सरकार ने 29 दिसंबर 2025 को एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से कहा गया है कि वे अपने नियमों और तकनीकी सिस्टम की तुरंत समीक्षा करें और प्लेटफॉर्म पर मौजूद अश्लील, भद्दे, पोर्नोग्राफिक और कानून का उल्लंघन करने वाले कंटेंट को बिना देरी हटाएं।एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि अगर कोई प्लेटफॉर्म इस तरह के कंटेंट पर कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो उसके खिलाफ देश के मौजूदा कानूनों के तहत सीधी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।